30 फीट से गिरकर फीटर की मौत, दो दिन बाद मुआवजे के लिए फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन

बारिश के बीच भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे परिजन; 20 लाख रुपए मुआवजे के आश्वासन से मुकरने का प्रबंधन पर आरोप

30 फीट से गिरकर फीटर की मौत, दो दिन बाद मुआवजे के लिए फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन

भिलाई। एमएम भवानी फेब्रीकेशन में दो दिन पहले करीब 30 फीट की ऊंचाई से गिरकर हुई फीटर नीलकंठ की मौत के मामले में शनिवार को परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन किया। बारिश के बीच भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का प्रयास किया।

भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमित सिंह के मुताबिक कैंप-1 निवासी नीलकंठ की हादसे में मौत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना नहीं दी। आरोप है कि पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया और करीब दो घंटे बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई।

अमित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम से पहले प्रबंधन की ओर से परिजनों को 20 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही गई थी। अब प्रबंधन अपने आश्वासन से पीछे हट रहा है। इसी के विरोध में परिजनों के साथ प्रदर्शन किया गया।

सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि नीलकंठ को ऊंचाई पर काम करने के दौरान सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट समेत जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका कहना है कि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही के कारण हादसा हुआ और नीलकंठ की जान चली गई।

शव कंपनी के सामने रखने की चेतावनी

अमित सिंह ने कहा कि यदि परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो शव को फैक्ट्री के सामने रखकर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन से तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की।

पुलिस करा रही दोनों पक्षों में बातचीत

प्रदर्शन की स्थिति को देखते हुए सीएसपी प्रशांत पैंकरा और जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी ने बताया कि कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच बातचीत चल रही है। जल्द ही इस मामले में निर्णय आने की उम्मीद है।