SMS-2 में आधी रात तक धधकती रही आग, भिलाई स्टील प्लांट में हॉट मेटल उत्पादन ठप

कन्वर्टर से गिरे हॉट मेटल ने केबिल को लिया चपेट में, करोड़ों के नुकसान की आशंका

सेल के भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार रात स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (SMS-2) में लगी भीषण आग ने संयंत्र प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। करीब पौने दस बजे शुरू हुई आग पर काबू पाने में दमकल अमले को आधी रात तक मशक्कत करनी पड़ी। आग के चलते बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई, कर्मचारियों के लॉकर जल गए और हॉट मेटल उत्पादन पर संकट खड़ा हो गया है।

भिलाई |  भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तीनों कन्वर्टरों के क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने के कारण यह हादसा हुआ। जमीन पर फैले पिघले धातु के अवशेष इस बात की तस्दीक कर रहे हैं।

केबिल जलते ही गुल हुई बिजली
काफी दूरी तक बिखरे हॉट मेटल की चपेट में आकर केबिल जल गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अंधेरे के कारण आग बुझाने के कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान केबिल में लगातार ब्लास्ट की आवाजें आती रहीं, जिससे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

लॉकर जले, कर्मचारियों का सामान राख
आग की चपेट में कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर भी आ गए। कई लॉकर पूरी तरह जल गए, जबकि आग पर काबू पाने के लिए कुछ लॉकरों को तोड़ना पड़ा। कर्मचारियों का निजी सामान जलकर खाक हो गया है, जिससे उनमें आक्रोश और चिंता दोनों देखी जा रही है।

रात 12.30 बजे तक धधकती रही आग
दमकल और संयंत्र के आपात दल ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब रात साढ़े बारह बजे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद ही स्थिति सामान्य होने लगी।

करोड़ों के नुकसान की आशंका
प्रबंधन का कहना है कि आग पूरी तरह शांत होने और क्षेत्र की जांच के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। हालांकि प्रारंभिक तौर पर करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। एहतियातन हॉट मेटल उत्पादन को डाउन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।