अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश, दुर्ग पुलिस ने 22 किलो माल पकड़ा

मोहन नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से मुंबई ले जाया जा रहा था नशे का जखीरा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा किया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 22 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार हुए। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मुंबई की ओर जा रहे थे।

दुर्ग। दुर्ग जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान विश्वास के तहत मोहन नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के सूर्या होटल, दुर्ग–धमधा रोड पर वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने 22 किलो गांजा जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात दो व्यक्ति बड़े-बड़े पिट्ठू बैग लेकर दुर्ग की ओर आ रहे थे। पूछताछ पर वे गोलमोल जवाब देने लगे और ट्रेन पकड़ने का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर बैग की तलाशी ली, जिसमें नीले और लाल-काले रंग के बैगों में भारी मात्रा में गांजा पाया गया। मौके पर पंचनामा व तौल करने पर 22 किलोग्राम गांजा होना पाया गया, जिसे गवाहों के सामने शीलबंद कर जब्त किया गया।

आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे ओडिशा से गांजा लाकर मुंबई भेजने की तैयारी में थे। इस पूरे नेटवर्क में दुर्ग निवासी राहुल तिवारी की संलिप्तता भी सामने आई, जिसने गांजा तस्करों से सस्ती दर पर माल दिलाने और मुंबई तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी ली थी। एवज में उसे एक लाख रुपये कमीशन देने की बात तय हुई थी। पुलिस ने राहुल तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मोहन नगर थाना में अपराध क्रमांक 468/2025 धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी—

1. साजिद अली (45 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर गोवंडी, मुंबई

2. मोहम्मद शकील कुरैशी (40 वर्ष), निवासी शिवाजी नगर गोवंडी, मुंबई

3. राहुल तिवारी (29 वर्ष), निवासी बैजनाथ पारा, दुर्ग