दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूटपाट करने वाला गिरोह दबोचा

राहगीरों से मोबाइल-नकदी लूटकर धारदार हथियार से करते थे हमला

  • 14 मामलों में शामिल 9 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
  • सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल टीम की मदद से हुई पहचान
  • 04 मोबाइल, 02 चाकू, 01 कटर और 03 बाइक बरामद

पुलिस ने राहगीरों को आतंकित करने वाले लुटेरा गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह राहगीरों से मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हो जाता था, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला भी कर देता था। विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 14 मामलों की जांच के बाद पुलिस ने 3 बालिग और 6 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का माल और हथियार बरामद किए है।

दुर्ग। दुर्ग जिले में लगातार हो रही झपटमारी और लूटपाट की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 9 आरोपियों को दबोच लिया गया है। इनमें 3 बालिग आरोपी टिल्लू उर्फ कुनाल, आलम और अनुज के साथ 6 नाबालिग शामिल हैं।

आरोपी राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल और नकदी छीन लेते थे तथा विरोध करने पर चाकू और कटर से हमला कर भाग जाते थे। उनके खिलाफ थाना भिलाई नगर में 4, मोहन नगर में 1, स्मृति नगर में 1, वैशाली नगर में 1, खुर्सीपार में 2, जामुल में 1 और जेवरा सिरसा चौकी में 3 प्रकरण दर्ज थे।

एसीसीयू और पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। घेराबंदी कर पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ में अन्य साथियों के नाम भी सामने आए। पुलिस ने प्रार्थियों से आरोपियों की पहचान भी कराई, जिसमें पीड़ितों ने उन्हें पहचान लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से 4 मोबाइल फोन, 2 चाकू, 1 कटर और 3 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। सभी को विधिवत् न्यायालय में पेश किया गया।