स्कूटी से वार्डों में पहुंचे विधायक रिकेश सेन, राधिका नगर में जनता से किया सीधा संवाद
सड़क–नाली और सफाई की समस्याओं पर दिए निर्देश, हर वार्ड को आदर्श बनाने का दोहराया संकल्प

वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से विधायक रिकेश सेन ने शुक्रवार की शाम स्कूटी पर वार्ड भ्रमण किया। इस दौरान वे राधिका नगर पहुंचे, जहां रहवासियों से सीधा संवाद कर सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल से जुड़ी दिक्कतों का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा में "वार्ड चलो अभियान" के दूसरे चरण की शुरुआत विधायक रिकेश सेन ने शुक्रवार को की। इस अभियान के तहत वे स्कूटी से वार्डों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में वे राधिका नगर वार्ड क्रमांक–7 पहुंचे, जहां चार घंटे तक वार्ड का भ्रमण कर लोगों से सीधा संवाद किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने सड़कों की जर्जर स्थिति, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट की दिक्कत, पेयजल आपूर्ति और खाली पड़े मैदान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो सड़कें पूरी तरह खराब हैं उनके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए और जो सड़कें आंशिक रूप से खराब हैं, उन्हें तुरंत पेंचवर्क से दुरुस्त किया जाए।
वार्ड के खाली पड़े मैदान और झाड़ियों से भरी जगहों को साफ कर उद्यान व खेल मैदान के रूप में विकसित करने की भी सूची तैयार की गई। विधायक ने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
विधायक रिकेश सेन ने कहा— “वैशाली नगर विधानसभा के हर वार्ड को आदर्श बनाने का संकल्प लिया है। जनता की समस्या का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है।” इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।