ईडी कार्रवाई के खिलाफ भिलाई में कांग्रेस का हल्लाबोल, सातों ब्लॉकों में प्रदर्शन

पूर्व सीएम भूपेश बघेल के परिवार पर कार्रवाई को बताया 'राजनीतिक प्रतिशोध', कांग्रेस ने फूंका पुतला, भाजपा पर लगाया एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

भिलाई में कांग्रेस ने केंद्र सरकार और ईडी की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सातों ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। नेताओं ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ साजिश और राजनीतिक बदले की भावना बताया।

भिलाई | 19 जुलाई कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में भिलाई के सभी सात ब्लॉकों में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और पुतला दहन कर विरोध जताया।

मुकेश चंद्राकर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, “भाजपा अब अपनी राजनीति ईडी जैसी एजेंसियों के सहारे चला रही है। कांग्रेस और भूपेश बघेल से डरकर केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के दबाव में आने वाली नहीं है, अब हर षड्यंत्र का जवाब और भी दमदार तरीके से दिया जाएगा।

पूर्व राज्य मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी ने कहा कि भाजपा जनता के असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई जांच नहीं, बल्कि प्रतिशोध की राजनीति है।

इस मौके पर महापौर नीरज पाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विभोर दुर्गकर, धर्मेंद्र यादव, अर्जुन शर्मा, नंदकुमार कश्यप, रामा विश्वकर्मा, गौरव श्रीवास्तव, मुकुंद भाऊ, सलमान खान, प्रभाकर जांबन्धु, पिंकी वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।