कांग्रेस न्याय-यात्रा...मंच पर भिड़े समर्थक, कार्यकर्ताओं ने फाड़ा पोस्टर

छत्तीसगढ़ कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस समर्थक आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि यूथ कांग्रेस के दो कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। मंच पर ही किस कारण से भिड़े ये पता नहीं चल पाया है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस न्याय यात्रा निकालने का ढोंग कर रही है। कार्यकर्ता अपने ही नेताओं के बैनर-पोस्टर फाड़ रहे हैं। पांचवें दिन यानी आज सारागांव से यात्रा शुरू होगी और सड्डू में खत्म होगी।
इससे पहले यात्रा के चौथे दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को मोहन मरकाम, अनीता योगेंद्र शर्मा, छाया वर्मा, चरणदास महंत, ज्योत्सना महंत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों का साथ मिला। कांग्रेस की न्याय यात्रा में किसी तरह का विवाद ना हो, इसलिए बड़े नेता एकजुट दिखे। बीजेपी पर हमलावर भी रहे। दीपक बैज के पहुंचने से पहले स्थानीय बड़े नेताओं ने विवाद कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। उसके बाद मामला शांत हुआ। दीपक बैज के गुजरने के बाद पोस्टर फाड़ने वाले सभी कार्यकर्ता यात्रा से वापस चले गए।
कांग्रेस नेता चरणदास महंत ने कहा कि दीपक बैज के नेतृत्व में सभी विधायक, पूर्व मंत्री और कांग्रेस के नेता अलग-अलग समय में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों का साथ भी मिल रहा है। हमें एकता और भाई चारा चाहिए। सड़क साय सरकार ने नहीं दी, गडकरी ने सड़क दी है। हमारे कार्यकाल में भी सड़कें मिलती थी।
मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता महंत ने कहा, कि हमारे लिए ये सोचने का विषय है। हमें कम से कम एक साल तक बीजेपी को काम करने का समय देना चाहिए। मगर हुआ ये, कि वे सालभर भी काम नहीं कर पाए। अधिकारियों को लेन देन की खुली छूट सरकार ने दे रखी है। हम लोग दुखी हैं।
चौथे दिन की न्याय यात्रा में कांग्रेस ने 9 नेताओं को यात्रा मार्ग की जिम्मेदारी सौंपी थी। ये जिम्मेदारी प्रतिमा चंद्राकर, सीमा वर्मा, दिनेश यदु, कमलकांत शुक्ला, छाया वर्मा, अंबिका सिंहदेव, अनिता शर्मा, पुरुषोत्तम कंवर और प्रवीण साहू को मिली थी। न्याय यात्रा में चौथे दिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुड़े। पैदल यात्रा में निकले दीपक बैज का अनिता शर्मा की मौजूदगी में बच्चों ने स्वागत भी किया।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पांचवें दिन यानी 1 अक्टूबर को सारागांव से शुरू होगी और सड्डू में खत्म होगी। पांचवें दिन कांग्रेस नेता 16 किलाेमीटर पैदल चलेंगे। इस दिन अरुण वोरा, विनय भगत, कमलेश मिश्रा, त्रिलोक श्रीवास, चंद्रशेखर चंद्राकर, ममता चंद्राकर, पंकज शर्मा, विनोद तिवारी, अजय साहू, स्वप्निल शुक्ला की जिम्मेदारी में निकलेगी।
कांग्रेस की न्याय यात्रा का समापन 2 अक्टूबर का होगा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस यात्रा में सचिन पायलट और उनके साथी भी शामिल होंगे। आखिरी के तीन किलोमीटर वो साथ चलेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा, कि भारतीय जनता पार्टी ने जो सौहार्द (भाईचारा) बिगाड़ा है, हम उसके विरोध में उतरे है। न्याय यात्रा में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने देवेंद्र यादव को बेवजह केस में फंसाने की बात भी बोली।