कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव 20 अगस्त तक भेजे गए जेल......देर रात पुलिस-समर्थकों में झड़प....

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव 20 अगस्त तक भेजे गए जेल......देर रात पुलिस-समर्थकों में झड़प....

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक देवेंद्र यादव को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी भिलाई स्थित आवास से हुई है। पुलिस ने उन्हें बलौदाबाजार कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। देर रात कांग्रेस विधायक देवेंद्र को पुलिस रायपुर सेंट्रल जेल लेकर पहुंची। विधायक संविधान की कॉपी भी हाथ में पकड़े हुए थे और उसे दिखाते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। पुलिस और समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। वहीं भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में लिखा, करारा जवाब मिलेगा। 

बलौदाबाजार पुलिस भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर पहुंची थी। वहां पहले से ही निवास के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। उसने पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी उनके निवास पहुंचे गए। दीपक बैज, अरुण वोरा समेत कई नेताओं के आने के बाद पुलिस अफसरों से करीब 2-3 घंटे बातचीत चली। इसके बाद देर शाम पुलिस बल बुलाया गया।

गिरफ्तारी से पहले देवेंद्र यादव सफेद झंडा और संविधान पकड़कर जोश में लड़ेंगे-लड़ेंगे कहते दिखे। आखिरकार देवेंद्र यादव को उनके आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हुई​​, लेकिन विधायक को लेकर टीम बलौदाबाजार रवाना हो गई।