कोलकाता रेप-मर्डर केस.....महिला मोर्चा ने निकाला कैंडल मार्च....
RSS के स्वंय सेवक और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

भिलाई। पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर से रेप कर हत्या और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में भिलाई पावर हाउस चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान RSS के स्वंय सेवक और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने डॉक्टर से रेप कर हत्या के विरोध में कैंडल मार्च निकाला और महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने की मांग की। कैंडल मार्च निकालने के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा में भारत माता की आरती की।
इस दौरान RSS के स्वयं सेवक राजेश निषाद ने कहा कि तख्तापलट के बाद से बांग्लादेश में फैली अराजकता और हिंसा में हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उनकी हत्याएं की जा रही है। उनकी दुकानों और घरों को जलाया जा रहा है। मंदिरों में तोड़फोड़ की जा रही है। हिंदू महिलाओं से रेप की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
राजेश निषाद ने कहा कि कृत्य से पूरे विश्व का हिंदू समाज चिंतित है। बांग्लादेश की सरकार को इस प्रकार के अत्याचारों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। वहां के हिन्दू समुदाय के लोगों को सुरक्षा दी जाए। भारत सरकार से भी इस पर ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।