गौठान योजना नहीं होगी बंद, बदलेगा स्वरूप, अब बनेंगे आर्थिक समृद्धि केंद्र

भाजपा सरकार भी गौठान योजना को बंद नहीं करने वाली है। इसके संकेत केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने दे दिए हैं। उन्होंने शनिवार को नवा रायपुर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से बैठक करते हुए कहा कि गौठानों को आर्थिक समृद्धि केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नाबार्ड द्वारा राज्य में मॉडल गौठान बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इसके अंतर्गत राज्य के 4 जिलों में एक-एक गौठानों को मॉडल के रूप में विकसित करेंगे। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को नाबार्ड 25 लाख रुपए भी देगा। इन मॉडल गौठानों में मुर्गी पालन, बकरी पालन, सूअर पालन के साथ ही उन्नत नस्ल के गौवंशीय पशु पाले जाएंगे। कड़कनाथ के हाइब्रिड नस्ल भी तैयार किए जाएंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक ईश्वर साहू और सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।
56 लाख लखपति दीदी
राज्य की 56 लाख महिलाओं की लखपति दीदी बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है। सिंह ने कहा कि देश की आर्थिक उन्नति में महिलाओं की भागीदारी 56% है, जबकि छत्तीसगढ़ में 50% है, इसे बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए महिलाओं को कृषि में भागीदारी बढ़ाने के साथ ही एनआरएलएम के अंतर्गत छोटे-छोटे उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बैंकों के माध्यम से महिलाओं के नये उद्यम स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दें। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहान की दीदियों को लखपति बनाने का संकल्प लिया है। बिहान योजना के तहत 56 लाख दीदियों को लखपति बनाना हमारा संकल्प है। इसके अनुरूप पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी कार्य करें।
अफसर बता ही नहीं पाए गौठान से क्या कमाया
बैठक के दौरान सिंह ने अफसरों से पूछा कि गौठान योजना से पिछली सरकार को क्या फायदा हुआ। गौठानों ने सामाजिक स्तर को कैसे बदला। बताते हैं कि सारे अफसर एक दूसरे के चेहरे देखते रहे। कोई मंत्री के इस सवाल का जवाब ही नहीं दे पाया।
पैसा खाने वाले उगलेंगे पैसा
सिंह ने कहा कि मनेगा में पैसा खाने वाले यह बात जान लें कि अब उन्हें सारा पैसा उगलना होगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में बनाए जा रहे अमृत सरोवरों को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों के आसपास वृक्षारोपण, पाथ-वे सहित सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाए।
बैठक में ये अफसर रहे मौजूद: प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास निहारिका बारिक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास के सीईओ भीम सिंह, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की संचालक पद्मिनी भोई, संचालक पंचायत रोक्तिमा यादव, नाबार्ड और एसबीआई के डीजीएम सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदू विरोधी हैं सोनिया- खड़गे, न्योता मिलने के बाद भी नहीं जा रहे: सिंह
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताअों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को निमंत्रण भेजा है, लेकिन वे वहां नहीं जा रहे हैं, क्योंकि वे हिंदू विरोधी हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि आज से नहीं बरसों से कांग्रेस हिंदू विरोधी है। सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार में नेहरू ने राजेंद्र बाबू को जाने से रोका था, नेहरू कहते थे कि मैं बाय डिफॉल्ट हिंदू हूं। हिंदू विरोधी परंपरा कांग्रेस के डीएनए में है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को थेथरोलॉजी छोड़नी चाहिए। उन्हें न्याय यात्रा नहीं, ज्ञान यात्रा निकालनी चाहिए। वे देश में कहीं भी जाएंगे तो उन्हें ज्ञान मिल जाएगा। लोकसभा चुनाव को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू विरोधी काम किया है। पूरे देश में कांग्रेस को उम्मीदवार नहीं मिलेंगे। यह देश सनातन हिंदुओं का है, राम और कृष्ण से इसकी पहचान है। उन्होंने कहा कि जो शिव, राम और कृष्ण का विरोधी हो, उसे कहां जगह मिलेगी।