चिट्टा-गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, युवक और महिला गिरफ्तार
खम्हरिया में 21 वर्षीय युवक से 15 ग्राम चिट्टा बरामद, खुर्सीपार के गांजा बिक्री मामले में फरार 45 वर्षीय महिला पकड़ी गई; दोनों न्यायिक रिमांड पर
दुर्ग-भिलाई। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। सुपेला थाना की स्मृतिनगर पुलिस चौकी ने खम्हरिया क्षेत्र में ग्राहक की तलाश कर रहे युवक को 15 ग्राम चिट्टा/हिरोइन के साथ पकड़ा। वहीं खुर्सीपार पुलिस ने गांजा बिक्री के एक पुराने मामले में करीब चार महीने से फरार चल रही महिला को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जुनवानी से खम्हरिया पहुंचा, ग्राहक का इंतजार करते पकड़ा गया
स्मृतिनगर पुलिस को 6 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक जुनवानी की ओर से खम्हरिया पहुंचा है और उसके पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ है। वह इसे खपाने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने खम्हरिया क्षेत्र में घेराबंदी की।
संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से दो पैकेट मिले। जांच में इनमें कुल 15 ग्राम चिट्टा/हिरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3 लाख 40 हजार रुपए बताई है। इसके अलावा आरोपी के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी मिला। मादक पदार्थ और मोबाइल सहित कुल जब्ती करीब 3 लाख 70 हजार रुपए की बताई गई है।
21 साल का युवक, कमाई के लिए कर रहा था नशे का कारोबार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान हर्ष देव सिंह विज (21), निवासी शांतिनगर, भिलाई के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के इरादे से चिट्टा लेकर संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
मामले में अपराध क्रमांक 1133/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गांजा बिक्री के पुराने मामले में महिला फरार थी
दूसरी कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में गांजा बिक्री के मामले में की गई। पुलिस के मुताबिक 30 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि देवार बस्ती में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी थी।
कार्रवाई के दौरान हीरा सिंह (18) को मौके से पकड़ लिया गया था, जबकि उसके साथ मौजूद महिला आरोपी सविता देवार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
चार महीने बाद पुलिस के हाथ लगी आरोपी महिला
लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने 7 अगस्त को सविता देवार (45), निवासी देवार बस्ती, खुर्सीपार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने गांजा बिक्री के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पुराने प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया था। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 69 हजार 550 रुपए बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27A के तहत कार्रवाई की गई है।
suntimes 