छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी:न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट की संभावना

छत्तीसगढ़ में धीरे-धीरे बढ़ रही गर्मी:न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट की संभावना

राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में गर्मी बढ़ती जा रही है। दिन ही नहीं, रात में भी पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में रही शुष्क हवा के कारण तापमान में वृद्धि हुई है। पिछले दो-तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

आज प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। रायपुर में सुबह के समय हल्का कुहासा रहा, बाद में बादल साफ रहेगा। मंगलवार को ज्यादातर जिलों में पारा 30 डिग्री के पार रहा। अगले 2 दिन में रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। मंगलवार को अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, 34 डिग्री के साथ तिल्दा सबसे गर्म रहा। 

रायपुर में रात का पारा औसत से 5 डिग्री ज्यादा

रायपुर में मंगलवार को रात का पारा औसत से 5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। सोमवार रात का पारा 17.8 डिग्री रहा, जो मंगलवार को बढ़कर 20.6 डिग्री रहा। शहर में रात के समय अब ठंड कम होने लगी है। मंगलवार को दिन का तापमान 33 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

बिलासपुर में दिन का पारा औसत से 4 डिग्री से ज्यादा

बिलासपुर में दिन का पारा औसत से 4 डिग्री ज्यादा रहा । यहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रात का तापमान 18.2 डिग्री रहा, जो औसत से 4 डिग्री ज्यादा है।  

दुर्ग में बढ़ा दिन का टेंप्रेचर

दुर्ग में दिन और रात का पारा लगातार बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 32. 6 डिग्री रहा, वहीं रात का तापमान 17.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां दिन का तापमान औसत से 4 डिग्री ज्यादा और रात का तापमान औसत से 2 डिग्री ज्यादा है।

सरगुजा संभाग में गिरेगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग के जिलों में आज से न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मंगलवार को सरगुजा में रात का पारा 14.4 डिग्री, कोरिया में 14.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा।

जगदलपुर में रात का पारा औसत से 4 डिग्री ज्यादा

जगदलपुर में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जा रही है। यहां रात का औसत न्यूनतम तापमान 4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, दिन का तापमान 32.4 डिग्री रहा, जो औसत से 2 डिग्री ज्यादा है।