जनजातीय समाज का गौरव इतिहास, देश निर्माण में अमूल्य योगदान : CM साय

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाजपा कार्यालय में कार्यशाला, जनजाति गौरव दिवस भव्य रूप से मनाने तैयारी

जनजातीय समाज का गौरव इतिहास, देश निर्माण में अमूल्य योगदान : CM साय

जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास वीरता और बलिदान से भरा है। जनजातीय नायकों ने आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई और उनकी परंपरा आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भव्य रूप से जनजाति गौरव दिवस मनाया जाएगा।

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जनजाति गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 से 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और अनेक महान स्वतंत्रता सेनानी इसी समाज से निकलकर देश के लिए बलिदान दिए। शहीद वीर नारायण सिंह, गैंदसिंह, गुंडाधूर जैसे जननायकों का योगदान अविस्मरणीय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने शोषण मुक्त समाज का सपना देखा था। उन्होंने प्रकृति संरक्षण और स्वाभिमान की राह दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ संचालित की जा रही है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज की दिशा और दशा बदली। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर सम्मान की राह दिखाई और मात्र 25 वर्ष की उम्र में शहीद हो गए।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मानित किया है। प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाकर समाज को गौरवान्वित किया गया है।

भाजपा नेता विकास मरकाम ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव जनजातियों को वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा ने आदिवासी बेटी को देश के सर्वोच्च पद पर आसीन कर सम्मान दिया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद महेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, विधायक प्रबोध मिंज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।