जनता अब रायबरेली से इंदिरा गांधी के बाद PM चुनेगी..... : भूपेश बघेल

जनता अब रायबरेली से इंदिरा गांधी के बाद PM चुनेगी..... : भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और रायबरेली के ऑब्जर्वर भूपेश बघेल ने रायबरेली लोकसभा में लगातार पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। रायबरेली के बथुआ में उन्होंने बड़ा दावा किया है, वहां की जनता से बात करते हुए बघेल ने कहा कि रायबरेली से सांसद नहीं, जनता PM चुनने जा रही है। उन्होंने कहा कि रायबरेली के लोग सिर्फ़ लोकसभा सदस्य नहीं चुन रहे हैं, बल्कि स्व. इंदिरा गांधी जी के बाद अब रायबरेली के लोग देश का प्रधानमंत्री चुनने जा रहे हैं। 

छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण का मतदान 7 मई को पूरा हो गया था, जिसके बाद से भूपेश बघेल लगातार रायबरेली लोकसभा सीट में जमकर चुनाव प्रचार करते नज़र आ रहे हैं। रायबरेली में राहुल गांधी के चुनाव संचालन की कमान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही संभाले हुए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं ने ओडिशा के बाद अब उत्तर प्रदेश की तरफ रुख कर लिया है।

छत्तीसगढ़ के सीनियर कांग्रेस नेता लगातार चुनाव प्रचार के लिए रायबरेली जा रहे हैं। अब तक 6 विधायकों समेत करीब दर्जनभर से अधिक वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में मोर्चा संभाला है। हालांकि अन्य सीटों में छत्तीसगढ़ के चुनिंदा नेताओं को ही जिम्मेदारी दी गई है। 

पूर्व मंत्री कवासी लखमा समेत करीब 7 अन्य विधायक रायबरेली पहुंचे हैं। ओडिशा में प्रचार अभियान में शामिल रहे नेता भी अब लौटकर रायबरेली जाने की तैयारी में हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में जातीय समीकरणों को मद्देनजर रखते हुए नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

अभी विभिन्न सीटों में देवेन्द्र यादव, रामकुमार यादव, कुंवर सिंह निषाद, ब्यास कश्यप और संदीप साहू को विभिन्न ब्लॉकों में जातीय बाहुल्यता को मद्देनजर चुनाव अभियान की कमान सौंपी गई है।

इसी तरह राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, विनोद वर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रमोद दुबे समेत पीसीसी से कुछ नेताओं को झारखंड, हरियाणा और असम भी भेजा जा सकता है। असम के प्रभारी सचिव विकास उपाध्याय पहले ही वहां पहुंच चुके हैं।