टोनही कहने पर पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला, पत्नी के बीमार रहने से होता था विवाद....

टोनही कहने पर पड़ोसी को कुल्हाड़ी से काट डाला, पत्नी के बीमार रहने से होता था विवाद....

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बुधवार (छोटी दिवाली की रात) को पड़ोसियों ने एक अधेड़ को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से काट डाला। बताया जा रहा है कि युवक पड़ोस में रहने वाली महिला को टोनही कहकर गाली-गलौज करता था। इससे महिला के परिजन भड़क गए और उन्होंने युवक की हत्या कर दी। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। जिस युवक की हत्या हुई है उसका नाम भूपेंद्र सिंह राजपूत (50) था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सहित उसकी पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी मोनिका पांडेय ने बताया कि, स्थानीय निवासी भूपेंद्र सिंह (50) और खेलदास मानिकपुरी आपस में पड़ोसी हैं। भूपेंद्र सिंह की पत्नी बीमार रहती थी, जिससे उसे लगता था कि, उसकी पड़ोसन खेलदास की पत्नी संतोषी बाई टोनही है। वह जादू-टोना करती है। इसके चलते भूपेंद्र उसे टोनही कहता था। बुधवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मामला गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद भूपेंद्र सिंह राजपूत (50) टंगिया लेकर पड़ोसी को मारने दौड़ा।

इस पर खेलदास मानिकपुरी उसका बेटा छम्मन दास मानिकपुरी और पत्नी सतोषी बाई मानिकपुरी भी लाठी-डंडा और टंगिया लेकर मारने दौड़े। भूपेंद्र वहां से भागा, लेकिन तीनों आरोपियों से उसे दौड़ा लिया और भूपेंद्र को घेरकर टंगिया से एक के बाद एक कई वार कर दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे घायल हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मोहन नगर पुलिस ने खेलदास मानिकपुरी, बेटा छम्मन दास मानिकपुरी और मां सतोषी बाई मानिकपुरी को हिरासत में ले लिया है।