ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच गजेन्द्र यादव का भव्य स्वागत

कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर भिलाई में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और मिठाइयों से जताई खुशी

ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच गजेन्द्र यादव का भव्य स्वागत

भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद दुर्ग-भिलाई के लोकप्रिय विधायक गजेन्द्र यादव का गृह नगर पहुंचने पर ऐतिहासिक स्वागत हुआ। जैसे ही वे भिलाई पॉवर हाउस चौक पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप, पटाखों की गूंज और आतिशबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया। फूल-मालाओं और गुलदस्तों से सजे स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के निर्देश पर भिलाई युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा, कैंप मंडल अध्यक्ष तरुण सिंह, जामुल मंडल अध्यक्ष प्रशांत बंटी गुप्ता और स्वच्छता प्रकल्प संयोजक विनोद देवांगन के नेतृत्व में यह भव्य आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयाँ बांटकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की।

मंत्री पद से बढ़ेगी विकास की रफ्तार

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गजेन्द्र यादव को कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी देकर पूरे दुर्ग-भिलाई क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गजेन्द्र यादव जनहित की आवाज बुलंद करेंगे और विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में दुर्ग-भिलाई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षाधानी के रूप में प्रसिद्ध भिलाई में मंत्री पद मिलने से स्कूल-कॉलेज और अन्य विकास कार्यों में गति आएगी।

कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

गजेन्द्र यादव के स्वागत में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू, उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, रेखराम बंछोर, जामुल पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और भाजपा मंडलों के सैकड़ों कार्यकर्ता भारी संख्या में जुटे।

पॉवर हाउस चौक से लेकर आसपास के इलाके तक आतिशबाजियों की रोशनी और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण किया और “जय हिंद, जय भारत, जय छत्तीसगढ़” के नारों से स्वागत समारोह गूंज उठा।

जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे: कार्यकर्ता

कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि गजेन्द्र यादव अपने मंत्रालय की जिम्मेदारी निभाते हुए प्रदेश के विकास में अहम भूमिका अदा करेंगे। भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में शिक्षा, उद्योग और रोजगार को नई दिशा मिलेगी। यह जानकारी भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी जयंत शर्मा ने दी।