दुर्ग नगर निगम के राजस्व विभाग में हंगामा: टैक्स विवाद में दो युवकों पर अभद्रता के आरोप

कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर जताई नाराजगी, थाने में दी गई शिकायत

दुर्ग नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब आयुष जैन और अंकुर जैन नामक दो युवकों ने टैक्स विवाद को लेकर विभागीय कर्मचारियों से कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने निगम आयुक्त के प्रति भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे पूरे विभाग में हड़कंप मच गया।

दुर्ग।  दुर्ग नगर निगम के राजस्व विभाग में बुधवार को एक टैक्स विवाद ने अप्रिय मोड़ ले लिया। विभाग में पहुंचे आयुष जैन और अंकुर जैन नामक दो युवकों ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू कर दी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और निगम आयुक्त के प्रति भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

घटना से आक्रोशित विभागीय कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर धरना दे दिया और तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी ली।

 कर्मचारी बोले – “बदसलूकी बर्दाश्त नहीं”
सहायक राजस्व अधिकारी शुभम गोयर ने कहा – “हम सभी अपना काम पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से कर रहे हैं। इस तरह का व्यवहार न केवल अस्वीकार्य है बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को भी गिराता है। हमने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।”

  थाने में शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद राजस्व विभाग की ओर से स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।