दुर्ग पुलिस ने 45 लाख रुपये की जब्त शराब का किया वैज्ञानिक निस्तारण

112 आबकारी मामलों में बरामद 5480.082 बल्क लीटर अवैध शराब नष्ट; थानों में दुर्गंध से राहत, दोबारा दुरुपयोग की आशंका समाप्त

दुर्ग पुलिस ने 45 लाख रुपये की जब्त शराब का किया वैज्ञानिक निस्तारण

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 112 प्रकरणों में जब्त करीब 45 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण कर दिया। जामुल थाना परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुल 5480.082 बल्क लीटर शराब को नष्ट किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालयीन आदेश का पालन करने के साथ-साथ जब्त शराब के दोबारा उपयोग या अवैध बिक्री की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह शराब जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में दर्ज मामलों के दौरान जब्त की गई थी। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शराब को मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया, जिसके पश्चात कलेक्टर द्वारा गठित नष्टीकरण समिति की अनुमति लेकर उसका विधिवत निस्तारण किया गया।

काफी समय से जब्त शराब विभिन्न थानों के मालखानों में रखी हुई थी, जिससे दुर्गंध फैलने के कारण पुलिसकर्मियों और शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों को असुविधा हो रही थी। निस्तारण के बाद थानों में स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आया है।

पूरी कार्रवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, जामुल थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार, आबकारी उपनिरीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि निस्तारण प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जब्त शराब का सुरक्षित निस्तारण अवैध कारोबार पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शराब के पुनः उपयोग, अवैध विक्रय अथवा किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाती है।