निजी स्कूल संचालकों की बैठक में उठे RTE और पुस्तक वितरण के मुद्दे
दुर्ग जिला प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने समस्याओं के समाधान और आगामी कार्यक्रमों पर की चर्चा
दुर्ग। जिला प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन की बैठक गांधी विद्यापीठ, राधिका नगर सुपेला में आयोजित हुई। बैठक में आरटीई की राशि में देरी और वृद्धि सहित जिले में पुस्तक वितरण व्यवस्था, एसएमसी परीक्षा में निजी स्कूलों के विद्यार्थियों की भागीदारी तथा संगठन की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
दुर्ग जिला प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन की पदाधिकारियों एवं विद्यालय संचालकों की बैठक गांधी विद्यापीठ, राधिका नगर सुपेला में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ श्री चंद्रशेखर परगनिहा ने सभी सदस्यों का स्वागत कर किया।
बैठक में सर्वप्रथम आरटीई की राशि समय पर प्राप्त न होने और राशि बढ़ाने की मांग को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही नोडल और जिला स्तर पर विद्यालयों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखा गया। निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को एसएमसी परीक्षा में शामिल किए जाने, जिले में पाठ्यपुस्तक वितरण की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा संगठन की सदस्यता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
आगामी समय में संगठन द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारी को लेकर भी निर्णय लिए गए। इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, संरक्षकगण, विभिन्न विद्यालयों के संचालक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर जिला अध्यक्ष हरीश साहू ने सभी सदस्यों की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
suntimes 