बंद प्लांट से लगे खेत में 3 खोपड़ी-हड्डियां मिली, छत्तीसगढ़ में लापता मां-बेटी, बेटे के होने की आशंका

बंद प्लांट से लगे खेत में 3 खोपड़ी-हड्डियां मिली, छत्तीसगढ़ में लापता मां-बेटी, बेटे के होने की आशंका

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बंद पड़े फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट से लगे खेत में 3 नर कंकाल मिले हैं। इसमें 3 खोपड़ी और बॉडी के अन्य पार्ट्स हैं। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एरिया को सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। मामला सिटी कोतवाली ​​थाना क्षेत्र के दहेजवार का है।

27 सितंबर से गायब हैं मां, बेटी और बेटा। इन्हीं के नर कंकाल होने की आशंका।

जानकारी के मुताबिक, दहेजवार गांव के लोग शुक्रवार सुबह खेत में धान कटाई के लिए बंद पड़े ब्रिक्स प्लांट के परिसर के पास गए थे। ग्रामीणों ने देखा तो कई जगहों पर हड्डियों के टुकड़े बिखरे पड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि हड्डियां कुछ दिन पहले लापता मां, बेटी और बेटे की है।

ग्रामीणों ने बताया कि खोपड़ी और अन्य हड्डियों को देखकर वह दहशत में आ गए थे। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी। तत्काल पुलिस बड़ी संख्या में पहुंची। उन्होंने घटना स्थल में ले जाकर कंकालों को दिखाया। पुलिस ने कंकालों को बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट के संचालक द्वारिका गुप्ता है। लंबे समय से ब्रिक्स प्लांट बंद है। हालांकि ग्रामीण शवों को खेतों में गाड़ते हैं। आशंका यह भी है कि कुत्तों ने खोपड़ियों को निकाल लिया है, लेकिन आसपास में कोई कब्रगाह भी नहीं है।

मामले में ASP शैलेन्द्र पांडेय ने नर कंकाल मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। प्रथम दृष्टया ये नर कंकाल काफी पुराने हैं। पुलिस टीम इसका भी पता लगाएगी कि ये नर कंकाल कब के हैं, और कहां से आए हैं। जरूरत पड़ी तो नर कंकालों का डीएनए भी कराया जाएगा।