भारत आ रहे जहाज पर हमला ईरानी ड्रोन से हुआ....

भारत आ रहे जहाज पर हमला ईरानी ड्रोन से हुआ....

(डेस्क)। हिंद महासागर में शनिवार को भारत आ रहे मालवाहक जहाज पर हमला ईरानी ड्रोन से किया गया था। अमेरिका के रक्षा विभाग ने यह दावा किया है। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक केम प्लूटो नाम के जहाज पर शनिवार सुबह 10 बजे हमला हुआ था। उस समय जहाज अमेरिका के संपर्क में था। सऊदी अरब से तेल लेकर भारत आ रहा यह जहाज जापान का था और लाइबेरिया के फ्लैग से ऑपरेट हो रहा था। हमले के वक्त जहाज पोरबंदर तट से 217 नॉटिकल मील (समुद्री मील) दूर था। यह इलाका भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) से बाहर पड़ता है।

इधर, ईरान ने अमेरिका के आरोपों का खंडन किया है। ईरान के डिप्टी फॉरेन मिनिस्टर अली बघेरी ने कहा- हूती विद्रोहियों के पास अपने खुद के हथियार हैं, वो खुद अपने फैसले लेते हैं। इसमें हमारा कोई रोल नहीं है। हूती विद्रोही लाल सागर और आसपास के इलाकों में अक्सर जहाजों पर हमले करते हैं। ऐसे में शक जताया जा रहा है कि जहाज पर हमला उन्होंने ही किया।

यह वीडियो महीनेभर पहले हूती संगठन ने जारी किया था, इसमें उसके लड़ाके जहाज को हाइजैक करते नजर आ रहे हैं।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक भारतीय नौसेना के P-8I सर्विलांस एयरक्राफ्ट ने एमवी केम प्लूटो के साथ कम्युनिकेशन स्थापित किया था। ड्रोन हमले की खबर सामने आने के फौरन बाद P-8I सर्विलांस एयरक्राफ्ट ने गोवा स्थित आईएनएस हंसा नौसैनिक हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

यह वैसल हिंद महासागर में सऊदी से भारत के मेंगलुरु जा रहा था। भारतीय नौसेना के मुताबिक इस जहाज पर 20 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक हमxले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन जहाज पर आग लग गई। इस आग पर काबू पा लिया गया था। फिलहाल किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

शनिवार को ही एक और ऑयल टैंक पर हमला हुआ
अमेरिकी मीडिया हाउस CNN के मुताबिक शनिवार को भारत आ रहे जहाज पर हमले के बाद एक ऑयल टैंकर पर हमला हुआ है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक दूसरा ड्रोन अटैक यमन के सलीफ बंदरगाह से करीब 45 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में बाब अल-मंडब स्ट्रेट के पास एक जहाज पर हुआ।

UKMTO के मुताबिक लाल सागर में आगे बढ़ रहे इस जहाज के नजदीक अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) से जोरदार धमाका हुआ। हालांकि, इसमें किसी को चोट नहीं आई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक यमन की तरफ से दो बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी गईं थीं, हालांकि, उससे किसी को नुकसान नहीं हुआ।

हूती विद्रोहियों ने महीनेभर पहले कार्गो शिप को हाईजैक किया था
पिछले चार हफ्तों में हूतियों ने लाल सागर और उसके आसपास 100 से ज्यादा हमले किए हैं। करीब एक महीने पहले हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में एक कार्गो शिप गैलेक्सी लीडर को हाईजैक कर लिया था। यह जहाज तुर्किये से भारत आ रहा था। हूती विद्रोहियों ने इसे इजराइली जहाज समझ कर हाईजैक किया था।