भिलाई में राजधानी एक्सप्रेस पर हमला: इंजन का शीशा टूटा, बड़ा हादसा टला
खुर्सीपार और पावर हाउस के बीच चलती ट्रेन पर पथराव, आरपीएफ ने दर्ज किया मामला, बस्तियों में तलाश तेज
*रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। भिलाई क्षेत्र में चलती राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है, जिसमें ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि समय रहते लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।*
दुर्ग-भिलाई। भिलाई में चलती राजधानी एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने से रेल सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना खुर्सीपार गेट और पावर हाउस के बीच उस समय हुई, जब ट्रेन अपने गंतव्य की ओर तेजी से बढ़ रही थी।
जानकारी के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस (12441) बिलासपुर से नई दिल्ली की ओर रवाना थी। शाम करीब 4 बजे जैसे ही ट्रेन खुर्सीपार गेट पार कर पावर हाउस की दिशा में पहुंची, तभी अचानक इंजन की ओर पत्थर फेंके गए। इनमें से एक पत्थर सीधे इंजन के सामने लगे कांच से टकराया, जिससे कांच में दरार आ गई।
घटना के दौरान लोको पायलट और सहायक लोको पायलट कुछ क्षणों के लिए घबरा गए, लेकिन उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया। गनीमत रही कि पथराव में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
आरपीएफ ने शुरू की सघन जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सक्रिय हो गया। भिलाई-3 आरपीएफ प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पथराव खुर्सीपार क्षेत्र से किया जाना सामने आया है।
आरपीएफ की टीम ने खुर्सीपार और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। झुग्गी बस्तियों में भी पत्थरबाजों की तलाश की जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आ चुकी है, जिसमें एक अपचारी बालक को पकड़ा गया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
suntimes 