भिलाई में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निकला विशाल “सांसद यूनिटी मार्च”
हजारों की भागीदारी वाली पदयात्रा में सांसद विजय बघेल समेत कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति, मार्गभर हुआ भव्य स्वागत
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा मंगलवार को “सांसद यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन किया गया। तीन दर्शन मंदिर से आरंभ हुई यह पदयात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कई इलाकों में पहुंची, जहां नागरिकों ने पुष्पवर्षा व सत्कार कर यात्रा का स्वागत किया।
भिलाई। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा मंगलवार को ‘सांसद यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 12 बजे कैंप मंडल स्थित तीन दर्शन मंदिर में सरदार पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई।
इसके बाद विशाल पदयात्रा तीन दर्शन मंदिर से नेहरू चौक, सुभाष चौक, शहीद चौक होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा का मार्गभर नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा, मालाएं, फल एवं चॉकलेट वितरण के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जलेबी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पदयात्रा लिंक रोड, सर्कुलर मार्केट, दीपक स्पोर्ट्स, सीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स, नंदनी रोड से होते हुए सुपेला, कोहका, जेवरा–सिरसा, पावर हाउस, खुर्सीपार, आहिवारा, डबरा पार, भिलाई-3, चरौदा, मुरमुंदा सहित विभिन्न क्षेत्रों तक जोश के साथ आगे बढ़ती रही।
मार्ग में पार्षद पीयूष मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने रैली का स्वागत किया। कार्यक्रम में सभी मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, शंकराचार्य कॉलेज, रुंगटा और एम.जे.आई.टी.आई. के विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने तख्तियां, राष्ट्रीय ध्वज और “Unity March – सरदार वल्लभभाई पटेल” लिखी टी-शर्ट पहनकर एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया।
सांसद विजय बघेल का उद्बोधन
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा,
“मेरे लोकसभा क्षेत्र में आयोजित आठ किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आज भारत एकता की जिस शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है, उसके पीछे सरदार पटेल की दूरदृष्टि का अभूतपूर्व योगदान है। यदि हम सब एकजुट रहें तो भारत को विश्वशिखर पर पहुँचने से कोई नहीं रोक सकता।”
कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे—
सांसद विजय बघेल, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, विधायक रिकेश सेन, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, प्रभारी यूनिटी मार्च बिजेंद्र सिंह, महामंत्री मनीष अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं नागरिक। अतिथियों का स्वागत नितिन शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
वक्ताओं के विचार
वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत के अखंड राष्ट्र के शिल्पकार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘यूनिटी मार्च’ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, एकता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और युवा नई ऊर्जा के साथ राष्ट्रनिर्माण में जुटा है।
समापन में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। सभी मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।
suntimes 