भिलाई स्टील प्लांट और स्मार्ट मीटर मुद्दे पर कांग्रेस का जनआंदोलन, राजभवन तक मार्च
निजीकरण, रोजगार और टाउनशिप से जुड़े सवालों को लेकर भिलाई से रायपुर तक पदयात्रा; दो वार्डों में आवेदन फॉर्म वितरण अभियान भी शुरू
रायपुर। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के निजीकरण की आशंकाओं, रोजगार के घटते अवसरों, टाउनशिप संबंधी समस्याओं और स्मार्ट मीटर विवाद को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशव्यापी विरोध अभियान तेज कर दिया। ‘भिलाई बचाओ पदयात्रा’ के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई से रायपुर तक पदयात्रा करते हुए राजभवन पहुंचे, जहां राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीएसपी से जुड़े कर्मचारियों, श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। पदयात्रा के माध्यम से पार्टी ने रोजगार सुरक्षा, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के संरक्षण और टाउनशिप से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। नेताओं का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्रभावित परिवारों की आवाज सरकार तक पहुंचाना और जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनसमर्थन जुटाना है।
कार्यक्रम के तहत टाटीबंध स्थित भारत माता स्कूल के पास कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ, जहां से पदयात्रा कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुई। इसके बाद शंकर नगर स्थित राजीव भवन और गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया गया।
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर बदलने की मांग को भी अभियान का हिस्सा बनाया है। शाम को मदर टेरेसा वार्ड क्रमांक-47 के श्याम नगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर परिसर और भगवती चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-57 के अरविंद नगर क्षेत्र में आवेदन फॉर्म वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों को फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ स्मार्ट मीटर बदलवाने की प्रक्रिया की जानकारी भी देंगे।
suntimes 