राजिम में शाही स्नान से पहले नागा साधुओं का स्वागत, रायपुर में हटकेश्वरनाथ का अर्धनारीश्वर स्वरूप, शाम को निकलेगी शिव बारात

राजिम। छत्तीसगढ़ में सुबह से ही महाशिवरात्रि के पर्व पर मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। राजिम के त्रिवेणी संगम में शाही स्नान से पहले नागा साधुओं का डिप्टी सीएम विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वागत किया। यहां स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए तड़के से श्रद्धालुओं की लाइन लगी है। वहीं रायपुर के प्राचीन मंदिरों में से एक महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव का अर्धनारीश्वर स्वरूप में श्रृंगार किया गया है। यहां सुबह 4 बजे से भोलेनाथ के दर्शन करने श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुरेश्वर महादेव चौक पर 21 फीट ऊंचा त्रिशूल लगेगा। मंदिर के बाहर लंबी कतार लगी है।
गरियाबंद स्थित भूतेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी है। सुबह से श्रद्धालु फूल अर्पित कर जलाभिषेक कर रहे हैं। भूतेश्वरनाथ प्राकृतिक स्वयंभू शिवलिंग है। इसकी ऊंचाई और गोलाई हर साल बढ़ रही है। वर्तमान में इसकी ऊंचाई 84 फीट और गोलाई 290 फीट है।