शिवनाथ महोत्सव की तैयारियां जोरों पर......1 जनवरी को 51 हजार दीपों से जगमगाएगी नदी; भव्य आतिशबाजी होगी....

शिवनाथ महोत्सव की तैयारियां जोरों पर......1 जनवरी को 51 हजार दीपों से जगमगाएगी नदी; भव्य आतिशबाजी होगी....

दुर्ग। हर साल की तरह इस बार भी नए साल के पहले दिन 1 जनवरी को शिवनाथ महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। पिछली बार यहां 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित करके महा आरती की गई थी। इस बार 51 हजार दीयों को जलाने की तैयारी है। शिवनाथ महोत्सव के आयोजनकर्ता वरुण जोशी ने बताया कि शिवनाथ नदी देश की पहली ऐसी नदी है, जो 22 सालों तक किसी निजी व्यक्ति के लीज पर थी। लीज समाप्त हो जाने के अवसर पर ही नए साल के पहले दिन शिवनाथ महोत्सव का आयोजन किया जाता है। हर साल यहां सुबह से लोग महादेव को जल चढ़ाने पहुंचते हैं। इसके साथ ही यहां लोग पिकनिक भी मनाते हैं।

बच्चों के लिए यहां सेल्फी जोन से लेकर जंपिंग और अन्य खेलों की भी सुविधा होती है। शिवनाथ नदी धर्म और आस्था का केंद्र है। यहां पैरेंट्स के साथ बच्चे और युवा आकर भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद यहां खेलकूद और मनोरंजन का भी आयोजन होता है। 1 जनवरी की शाम को यहां भव्य आतिशबाजी और महा आरती का आयोजन किया जाता है। 

शिवनाथ महोत्सव के आयोजन की तैयारियां जोरों पर। - Dainik Bhaskar

वरुण जोशी ने बताया कि हर साल शिवनाथ नदी तट पर हजारों की संख्या में दीयों को जलाया जाता है। वो संख्या हर साल बढ़ती जा रही है। पिछली बार दीयों की संख्या 21 हजार थी। इस बार ये संख्या बढ़ाकर 51 हजार की गई है। यहां 51 हजार दीयों की जगमगाहट के बीच महाशिव आरती की जाएगी।  शिवनाथ महोत्सव के दौरान शाम को यहां महा आरती की जाती है। यह महा आरती बनारस और हरिद्वार की तर्ज पर वहां से आए 11 विशेष पंडितों द्वारा की जाएगी। इस आरती को देखने के लिए राज्य भर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस बार यहां 11 हजार से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।

भव्य आतिशबाजी भी होगी- शिवनाथ महोत्सव के दौरान यहां भव्य आतिशबाजी भी होगी। इसके लिए इस बार मुंबई से विश्व स्तरीय आतिशबाजों को बुलाया गया है। यहां इस स्तर की आतिशबाजी की जाएगी, जो इससे पहले कभी दुर्ग जिले में नहीं देखी गई है।

उप मुख्यमंत्री के साथ पहुंचेंगे कैबिनेट मंत्री वरुण जोशी ने बताया इस बार शिवनाथ महोत्सव में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे। उन्होंने महोत्सव में आने के लिए अपनी सहमति दे दी है।