खास समाचार : भिलाई में अवैध निर्माण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से ढहाए गए मकान
बिना अनुमति हो रहा था निर्माण, जोन-1 टीम ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई
भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई ने दक्षिण गंगोत्री रेलवे लाइन के पास अवैध रूप से किए जा रहे दो निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की। राजस्व विभाग ने रविवार को निर्माण कार्य रुकवाया था, जबकि सोमवार को जांच में सामने आया कि निर्माणकर्ताओं के पास भूमि आवंटन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। बिना अनुमति और भवन अनुज्ञा के 2500 और 1800 वर्गफुट क्षेत्र में पक्का निर्माण किया जा रहा था।
नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने स्वयं निरीक्षण के दौरान इस अवैध निर्माण का संज्ञान लिया और सहायक राजस्व अधिकारी प्रशन्न तिवारी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। तय समय सीमा में निर्माण हटाने की चेतावनी के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जोन-1 के जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत ने बताया कि नेहरू नगर क्षेत्र में कई लोग बिना अनुमति के मकान बना रहे हैं। ऐसे सभी अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि नगर निगम की भूमि पर अवैध निर्माण न करें, अन्यथा इसे तोड़ दिया जाएगा और हुए खर्च की भरपाई भी संबंधित व्यक्ति से की जाएगी।
नगर निगम की सख्त चेतावनी
- बिना अनुमति भवन निर्माण करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
- अवैध निर्माण हटाने का खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।
- संपत्तिकर भरने से भूमि का मालिकाना हक नहीं मिलता।
- किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले भवन अनुज्ञा लेना अनिवार्य।
-
कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारी: अभियंता सिद्धार्थ साहू, राजस्व निरीक्षक नरसिंग साहू, शशांक शेखर सिंह, नंदू सिन्हा, ईमान कनौजे, निरंजन असाटी, दिनेश बेलचंदन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।