अवैध रेत खनन पर प्रशासन सख्त, गोबरानवापारा में 2 पोकलेन मशीनें सील
महानदी से अवैध रेत भंडारण का खुलासा; कई लोगों को नोटिस जारी, स्वीकृत क्षेत्र से बाहर हो रहा था उत्खनन
रायपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गोबरानवापारा क्षेत्र में जांच के दौरान दो पोकलेन मशीनों को जब्त कर सीलबंद किया गया, वहीं कई गांवों में बिना अनुमति रेत भंडारण का मामला भी सामने आया है। प्रशासन ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर।रायपुर जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गोबरानवापारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की टीम ने अवैध उत्खनन और रेत भंडारण की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों को मौके पर ही जब्त कर सीलबंद कर दिया। साथ ही अवैध रूप से जमा की गई रेत को भी जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के उप संचालक राजेश मालवे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में लगातार गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गोबरानवापारा तहसील के नवागांव, जौंदा, जौंदी और डगनिया गांवों में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू और मनीष ठाकुर द्वारा महानदी से रेत लाकर अवैध रूप से भंडारण किया गया था। विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है।
इसी दौरान ग्राम लखना स्थित रेत खदान में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर जाकर पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करते हुए उत्खनन किया जाना भी पाया गया। जांच में दो पोकलेन मशीनों के जरिए अवैध खनन किए जाने की पुष्टि होने पर मशीनों को मौके पर ही सील कर उत्खनन कार्य तत्काल बंद कराया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि खनिज संपदा के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
suntimes 