आज BJP में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के दो पूर्व विधायक:प्रमोद शर्मा और विधान मिश्रा शाम को लेंगे सदस्यता

छत्तीसगढ़ के 2 पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और विधान मिश्रा गुरुवार को बीजेपी में शामिल होंगे। दोनों नेता शाम 7 बजे प्रदेश कार्यालय में बीजेपी की सदस्यता लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। प्रमोद शर्मा JCCJ के टिकट पर विधायक रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले 26 अक्टूबर को उन्होंने कांग्रेस जॉइन कर ली थी।
वहीं, पूर्व विधायक विधान मिश्रा जोगी की कैबिनेट में उद्योग मंत्री रह चुके हैं। विधान मिश्रा भी कांग्रेस छोड़कर जोगी कांग्रेस में चले गए थे, लेकिन चुनाव से पहले उन्होंने JCCJ को अलविदा कह दिया था। अब बीजेपी में शामिल होने वाले हैं । पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन के बाद से प्रमोद शर्मा और JCCJ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के साथ मतभेद चल रहे थे। इसी के चलते उन्होंने JCCJ से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
लोकसभा चुनाव को लेकर अब कुछ ही दिन बचे हुए हैं, जिसकी तैयारियों में राजनीतिक पार्टियां जुटी हुई हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी देश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी निकाल रहे हैं। इधर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से 2 पूर्व विधायकों के बीजेपी में शामिल होने से लोकसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा। प्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद लगातार नेता पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं।
विधान मिश्रा कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री रह चुके हैं। प्रमोद शर्मा और विधान मिश्रा दोनों ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। प्रमोद शर्मा JCCJ के दूसरे पूर्व विधायक हैं, जो बीजेपी में प्रवेश कर रहे हैं। इससे पहले धर्मजीत सिंह चुनाव से पहले ही बीजेपी में शामिल हो गए थे और तखतपुर से विजयी होकर विधायक बने।
जोगी कैबिनेट में उद्योग और कृषि मंत्री रहे विधान मिश्रा
धरसींवा विधानसभा से 1998 में विधायक और मंत्री रहे विधान मिश्रा जोगी कैबिनेट में उद्योग और कृषि मंत्री रहे। जब अजीत जोगी ने अपनी नई पार्टी 'जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी' बनाई, तो विधान मिश्रा भी उसमें शामिल हो गए। 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने जेसीसीजे छोड़ दी थी। इसके बाद वे किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए, लेकिन अब 15 फरवरी को वे बीजेपी में शामिल होने के लिए जा रहे हैं।
इन दोनों नेताओं के साथ 30-32 अन्य नेता-कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, जिनमें खरोरा, बलौदाबाजार, धरसींवा, आरंग, रायपुर के कार्यकर्ता शामिल हैं। विधान मिश्रा ने बताया कि वे बहुत पहले ही बीजेपी में शामिल होना चाहते थे, लेकिन देर हो गई।
उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी में काफी समय तक रहे। मंत्री और विधायक रहे, लेकिन बाद में उनका मोह कांग्रेस से भंग हो गया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे जेसीसीजे में चले गए, लेकिन अजीत जोगी की मौत के बाद इससे भी उनका मोह भंग हो गया। उन्होंने जेसीसीजे भी छोड़ दी और फिर किसी पार्टी में नहीं गए थे।