एक ही घर में मिली मां और दो बेटों की लाश, मौत की वजह रहस्य

गिरौदपुरी के ग्राम सुकली में तड़के हुई घटना, जहर सेवन की आशंका के बीच पारिवारिक विवाद की भी जांच कर रही पुलिस

एक ही घर में मिली मां और दो बेटों की लाश, मौत की वजह रहस्य

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी क्षेत्र के ग्राम सुकली में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां युक्ति मानिकपुरी (28) और उसके दो बेटे चिरंजीव (10) व दिव्यांश (करीब 5) घर के कमरे में मृत पाए गए। सुबह करीब 4 बजे तीनों की मौत की सूचना मिलने पर गिरौदपुरी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। हालांकि, मौत की परिस्थितियों और कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच के दौरान परिजनों और अन्य गवाहों से मिली जानकारी में महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

घटना की सूचना चैनदास मानिकपुरी (50), पिता रुपदास, निवासी ग्राम सुकली ने दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। तीनों शवों का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तीनों की मौत किस वजह से हुई। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।