ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी धराए

नागोराव गली अंडरब्रिज के पास से गिरफ्तारी, ₹37.50 लाख नकद, 10 मोबाइल और 3 लग्जरी कारें जब्त

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी धराए

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागोराव गली अंडरब्रिज के पास बीती रात दबिश देकर पुलिस ने 6 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹37.50 लाख नकद, 10 मोबाइल फोन और तीन लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹92.50 लाख बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग थार और नेक्सा कार में बैठकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सट्टा गतिविधि में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कैश, मोबाइल और लग्जरी वाहनों की बरामदगी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹37.50 लाख नकद, 10 मोबाइल फोन, दो महिंद्रा थार और एक नेक्सा एक्सएल कार बरामद की।

वेबसाइट के जरिए चला रहे थे सट्टा नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com जैसी ऑनलाइन वेबसाइटों के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खिला रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी सट्टा संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

नेटवर्क की जांच जारी, और खुलासों की संभावना

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों के डिजिटल लेन-देन, संपर्क सूत्रों और अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।