कटोरा तालाब में एक रात में 10 वाहन चोरी का दावा, पुलिस ने बताया- 15 दिन में 2 बाइक चोरी
CCTV फुटेज में वाहन ले जाते संदिग्ध नजर आए; एक बाइक बरामद, दूसरी की तलाश जारी, सिविल लाइन पुलिस कर रही जांच
रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में एक ही रात में 10 गाड़ियां चोरी होने के दावे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस ने इस दावे को अलग तस्वीर बताते हुए कहा है कि पिछले 15 दिनों में क्षेत्र से दो बाइक चोरी की शिकायतें सामने आई हैं। इनमें एक बाइक बरामद हो चुकी है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
रायपुर।रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब इलाके में वाहन चोरी का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर एक ही रात में 10 गाड़ियां चोरी होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस के अनुसार पिछले 15 दिनों में यहां से दो बाइक चोरी की घटनाएं दर्ज हुई हैं। इनमें से एक वाहन पुलिस ने बरामद कर लिया है और दूसरी बाइक की तलाश की जा रही है।
इसी बीच सामने आए CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध वाहन चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
घर के बाहर खड़ी थी रॉयल एनफील्ड
कटोरा तालाब निवासी वाय. गणेश ने अपनी रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा बाइक क्रमांक CG04PA5207 घर के बाहर खड़ी की थी। 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे तक बाइक वहां मौजूद थी। 16 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे सफाई के दौरान बाइक गायब मिली।
गणेश ने आसपास के इलाके में बाइक की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार चोरी हुई काले रंग की बाइक की कीमत करीब 75 हजार रुपए है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR
सिविल लाइन पुलिस ने 16 अगस्त को दोपहर 3:28 बजे शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की। मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी यमन देवांगन के मुताबिक पिछले 15 दिनों में कटोरा तालाब इलाके से दो बाइक चोरी की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक बाइक बरामद की जा चुकी है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर वाहन चोरी करने वाले संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
suntimes 