गनियारी डबल मर्डर केस: प्रेमी ने दादी-पोती की ली थी जान, फरार तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

सगाई के बाद राज खुलने के डर से रची गई साजिश — दोस्तों संग मिलकर की थी वारदात

गनियारी डबल मर्डर केस: प्रेमी ने दादी-पोती की ली थी जान, फरार तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार


???? ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट से खुला राज — अब तीनों आरोपी जेल में
???? दुर्ग पुलिस ने 7 महीने बाद फरार आरोपी को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा रिमांड पर

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के गनियारी डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के फरार तीसरे आरोपी मार्शल राजपूत (29 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पहले ही दो आरोपी चुमेन्द्र निषाद और पंकज निषाद सलाखों के पीछे हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी ने अवैध संबंधों के खुलासे के डर से अपनी प्रेमिका और उसकी दादी की हत्या कर दी थी।

दुर्ग, 15 अक्टूबर। गनियारी गांव में मार्च 2024 में हुई दादी-पोती की दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी मार्शल राजपूत को गिरफ्तार कर केस की कड़ी पूरी कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामले का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चुमेंद्र निषाद ने अपनी सगाई के बाद प्रेम संबंध उजागर होने के भय से यह वारदात रची थी। उसने अपने साथियों पंकज निषाद और मार्शल राजपूत के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।

  6 मार्च की भयावह रात

ग्राम गनियारी में 6 मार्च की रात एक वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दोनों के शरीर पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए थे। पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (Special Investigation Team) गठित की गई। टीम ने 62 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और अहमदाबाद व रायपुर में संदिग्धों का ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराया। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई।

 सगाई के बाद डर बना मौत की वजह

पूछताछ में आरोपी चुमेंद्र ने बताया कि मृत नाबालिग लड़की उसकी प्रेमिका थी। फरवरी 2024 में उसकी सगाई हो चुकी थी। उसे डर था कि प्रेम संबंध का खुलासा उसकी सगाई तोड़ देगा और समाज में बदनामी होगी। मृतिका ने अपने दोस्तों से बातों-बातों में आरोपी को “बरबाद करने” की बात कही थी, जिसके बाद आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

  घटना की रात: झूठा वादा और खून

घटना वाली रात आरोपी चुमेंद्र ने अपने दोस्तों को स्कॉर्पियो (CG 06 E 6666) में बुलाया। फिर लड़की को घर से बाहर बुलाकर शादी का झूठा वादा किया। जब उसने इनकार किया, तो आरोपी ने टंगिया और चाकू से वार कर हत्या कर दी। शोर मचने पर दादी को भी मार डाला। दोनों शवों को घर के अंदर खींचकर आरोपी फरार हो गए।

 7 महीने बाद तीसरा आरोपी गिरफ्त में

पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तीसरा आरोपी मार्शल राजपूत फरार था। पुलिस की तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि इस वारदात ने न केवल पूरे इलाके को दहला दिया था, बल्कि प्रेम और अपराध के खतरनाक मिश्रण का भयावह चेहरा भी उजागर किया।