चाय की टपरी पर छात्रा से अभद्रता, युवक ने गला पकड़कर किया जबरन किस
सहेली के विरोध करने पर मारपीट; सिर और नाक पर आई चोट, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
दुर्ग-भिलाई। भिलाई में पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन स्थित चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर उसका गला पकड़कर जबरन गाल पर किस कर दिया। विरोध करने पर छात्रा कुर्सी से गिर गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी सहेली के साथ भी आरोपी ने मारपीट कर दी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रात साढ़े दस बजे हुई घटना
पुलिस के अनुसार पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और स्मृति नगर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रही है। 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेली और अन्य दोस्तों के साथ शनि मंदिर के पास स्थित एक चाय की टपरी पर बैठी थी। इसी दौरान हेमंत छत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और अचानक छात्रा का गला पकड़कर उसके बाएं गाल पर जबरन किस कर दिया।
विरोध में कुर्सी से गिरी छात्रा
छात्रा ने खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह कुर्सी से नीचे गिर गई। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सहेली से भी हाथापाई
जब छात्रा के दोस्त और उसकी सहेली ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसने सहेली के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। हमले में सहेली के सिर और नाक पर चोट आई। इसके बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। बाद में पीड़िता ने स्मृति नगर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विधि सम्मत कार्रवाई की गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
suntimes 