जामुल में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कार्यकर्ता बैठक में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र, भाजपा सरकार पर साधा निशाना; SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर भी भूपेश बघेल का तीखा हमला
दुर्ग जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जामुल नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ता बैठक आयोजित की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। जामुल पहुंचने पर युवाओं ने बाइक रैली निकालकर भूपेश बघेल का जोरदार स्वागत किया।
जामुल। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर दुर्ग जिले में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जामुल नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों की शुरुआत करते हुए कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बैठक में हिस्सा लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जामुल पहुंचने पर युवाओं ने बाइक रैली निकालकर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन करते हुए चुनावी माहौल में पार्टी की सक्रियता का संदेश दिया।
बैठक के दौरान भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और जनता से सीधे जुड़कर चुनावी रणनीति तैयार करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर में होने जा रहे हैं और कांग्रेस ने जामुल से चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। उन्होंने दावा किया कि जामुल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और जनता भी बदलाव के मूड में दिखाई दे रही है।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर महंगाई, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता सरकार के कामकाज से परेशान है और आगामी चुनाव में परिवर्तन की संभावना है।
चिराग पासवान को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि पहले उन्हें चुनाव में उतरने तो दीजिए। वहीं SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी उन्होंने तीखा बयान दिया। भूपेश बघेल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार चुनाव आयुक्त नहीं, बल्कि चुनाव अभियुक्त हैं। उन्होंने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या जेल जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में असली अपराधी कोई और है।
suntimes 