झाड़-फूंक की आड़ में हैवानियत: दुर्ग में नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी बैगा गिरफ्तार
बीमारी ठीक करने के नाम पर घर पहुंचा आरोपी, ‘नींबू फेंकने’ का बहाना बनाकर नर्सरी ले गया; जान से मारने की धमकी देकर वारदात
अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर भरोसा करना दुर्ग जिले के एक परिवार को भारी पड़ गया। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एक फर्जी बैगा ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने झाड़-फूंक के बहाने विश्वास जीतकर बच्ची को घर से दूर ले जाकर अपराध किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें झाड़-फूंक और इलाज के नाम पर बुलाए गए एक युवक ने विश्वासघात करते हुए गंभीर अपराध को अंजाम दिया। मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की तबीयत खराब होने पर उसकी मां ने बेमेतरा जिले से एक कथित बैगा को घर बुलाया था।
आरोपी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा (25 वर्ष), निवासी ग्राम परसबोड़, जिला बेमेतरा, 22 दिसंबर को पीड़िता के घर पहुंचा। उसने बच्ची की हालत देखकर ‘बाहरी हवा का साया’ होने की बात कही और झाड़-फूंक का नाटक करने लगा। इसके बाद उसने नींबू फेंकने का बहाना बनाकर नाबालिग को अपने साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित एक नर्सरी में ले गया।
नर्सरी के भीतर आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी, जिससे डर के कारण वह दो दिनों तक चुप रही। अंततः साहस जुटाकर उसने पूरी आपबीती अपनी मां को बताई।
24 दिसंबर को पीड़िता की मां नंदिनी नगर थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद गुरुवार, 25 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खुद को इलाके में ‘बड़ा बैगा’ बताकर बीमारियां ठीक करने का दावा करता था। लोग उसकी बातों में आसानी से आ जाते थे और इसी अंधविश्वास का फायदा उठाकर उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी के झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
suntimes 