झाड़-फूंक के नाम पर 13 लाख की ठगी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह दबोचा
मां के इलाज का झांसा देकर सोना-नकदी ऐंठी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में अंधविश्वास का फायदा उठाकर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना छावनी पुलिस ने सुनियोजित तरीके से की गई इस धोखाधड़ी के मामले में एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्ग। झाड़-फूंक एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपियों को थाना छावनी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी मां की बीमारी के इलाज का झांसा देकर पीड़ित से करीब 13 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गए थे।
मामले में प्रार्थी संजय अठवानी (37 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग ने 21 जनवरी 2026 को थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार कुछ दिन पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर सायकल देखने के बहाने आए और उसका मोबाइल नंबर ले गए। उनमें से एक ने अपना नाम ‘राजू’ बताया।
इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर प्रार्थी की मां की खराब तबीयत की जानकारी लेते रहे और झाड़-फूंक व पूजा-पाठ से इलाज कराने का भरोसा दिलाया। 16 जनवरी 2026 को प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाकर एक महिला आरोपी के साथ देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए गए तथा मां के पूर्णतः स्वस्थ होने का दावा किया गया।
आरोपियों ने आगे मां के सोने के आभूषण और नगद राशि मंदिर में चढ़ाने की बात कहकर विश्वास में लिया। 20 जनवरी 2026 को रेलवे स्टेशन पावर हाउस, भिलाई के पास बुलाकर चार सोने के कंगन (लगभग 60 ग्राम, अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये) और 8 लाख रुपये नगद ले लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और मोबाइल फोन बंद कर लिए।
प्रकरण दर्ज होने के बाद थाना छावनी में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच तेज की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बाबूलाल (45 वर्ष), निवासी थाना श्रीरामपुर, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) तथा गीता राय, निवासी जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये नगद, एक स्मार्ट मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र एवं अंधविश्वास के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं और इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
suntimes 