ट्रेलर के पहियों में फंसी कार को आधा किमी तक घसीटा

रतनपुर हाईवे पर भीषण भिड़ंत में रायपुर की युवती की मौत, छह घायल; चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

ट्रेलर के पहियों में फंसी कार को आधा किमी तक घसीटा

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक भयावह दुर्घटना हुई। रायपुर से धार्मिक यात्रा और सैर-सपाटे के लिए निकले युवक-युवतियों की इको कार बेलपारा के पास टोल प्लाजा के नजदीक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक अर्थ साहू को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी। इससे तेज गति से चल रही कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार ट्रेलर की ट्रॉली और पहियों के बीच बुरी तरह फंस गई।

अनजान रहा ट्रेलर चालक, सड़क पर घिसटती रही कार

दुर्घटना के बाद भी ट्रेलर चालक ने वाहन नहीं रोका। उसे यह पता ही नहीं चला कि पीछे कार फंस गई है। वह ट्रेलर को आगे बढ़ाता रहा और कार करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पीछे चल रहे वाहन चालकों ने जब उसे इस स्थिति से अवगत कराया, तब जाकर ट्रेलर रुका।

मौके पर मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

कार में फंसे यात्रियों की आवाजें सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में जुटकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना के बाद कार ट्रेलर के साथ घिसटती नजर आ रही है।

महामाया मंदिर के दर्शन के बाद निकले थे चैतुरगढ़

बताया गया कि इको कार क्रमांक CG 04 NQ 9785 में रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार के युवक-युवतियां यात्रा कर रहे थे। चालक अर्थ साहू ने उन्हें बुकिंग पर महामाया मंदिर रतनपुर और चैतुरगढ़ घुमाने की जिम्मेदारी ली थी। सभी ने पहले महामाया मंदिर में दर्शन किए और फिर चैतुरगढ़ के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान बेलपारा के पास यह दुर्घटना हो गई।

घटना के बाद घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।