दुर्ग जिला अस्पताल में हंगामा, युवक की मौत के बाद परिजनों का बवाल

डिस्चार्ज से पहले नर्स ने लगाया इंजेक्शन, खून की उल्टी के बाद युवक की मौत; पूर्व विधायक अरुण वीरा पहुंचे अस्पताल

दुर्ग जिला अस्पताल में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को घेर लिया और जमकर हंगामा किया।

दुर्ग। दुर्ग के सिद्धार्थनगर निवासी प्रभात सूर्या ने रविवार को चूहे मारने की दवा खा ली थी। इसके बाद लगातार उल्टी होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। बताया गया कि युवक को एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों का आरोप है कि डिस्चार्ज से ठीक पहले नर्स ने प्रभात को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही मिनट बाद उसे खून की उल्टी हुई और उसकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को घेर लिया और लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

घटनास्थल पर माहौल बिगड़ता देख पुलिस को बुलाया गया। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक अरुण वीरा भी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। फिलहाल परिजनों ने पूरे मामले की जांच की मांग की है।