तेज़ रफ़्तार हाईवा ने मचाई तबाही, आठ मवेशियों की मौके पर मौत

दुर्ग बाफना टोल प्लाज़ा के पास देर रात हुई दर्दनाक घटना, पुलिस ने चालक को किया हिरासत में

दुर्ग से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देर रात तेज रफ़्तार हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे आठ मवेशियों को रौंदता चला गया। हादसे में सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग। जिले में देर रात तेज रफ़्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित हाईवा ने आठ मवेशियों को कुचल डाला। घटना बाफना टोल प्लाज़ा के पास की है, जहां राजनांदगांव की ओर से आ रही हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे बैठे मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची और चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

इधर, बजरंग दल के कार्यकर्ता साहू ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही घोर अपराध है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी चालक पर कठोर कार्रवाई की जाए और उसे सख़्त से सख़्त सजा दी जाए।