दुर्ग में भीषण हादसा: कंटेनर की टक्कर से 8 गायों की मौत, ड्राइवर हिरासत में
बाफना टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जताया विरोध
दुर्ग जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। राजनांदगांव से दुर्ग की ओर आ रहे कंटेनर ने बाफना टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे चल रही 8 गायों को कुचल दिया। हादसे में सभी गायों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दुर्ग। जिले में मंगलवार (16 सितंबर) रात हुए भीषण सड़क हादसे में 8 गायों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजनांदगांव से दुर्ग की ओर तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने बाफना टोल प्लाजा के पास अचानक सड़क किनारे चल रही गायों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी सौरभ देवांगन, बलदाऊ साहू समेत कई कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ नारेबाजी की और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे के बाद मृत गायों को सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासन की मौजूदगी में दफनाया गया। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कोतवाली थाना पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। पुलिस ने वाहन चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
suntimes 