दो चाकू और तलवार के साथ तीन युवक गिरफ्तार

रायपुर में पुलिस की विशेष कार्रवाई, आजाद चौक से एक और टिकरापारा क्षेत्र से दो आरोपी पकड़े गए

दो चाकू और तलवार के साथ तीन युवक गिरफ्तार

रायपुर। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। आजाद चौक और टिकरापारा थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से धारदार हथियार बरामद किए हैं।

आजाद चौक पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक चाकू लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कुलदीप निर्मलकर (24) को हिरासत में लिया। आरोपी छत्तीसगढ़ नगर, टिकरापारा का रहने वाला है। उसके पास से एक चाकू मिला। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज किया है।

गश्त के दौरान टिकरापारा में मिली सफलता

टिकरापारा पुलिस की टीम 22 नवंबर को नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की तलाशी ली गई। पुलिस ने मदनी चौक, संजय नगर निवासी मोहम्मद कौनेन (19) को चाकू के साथ पकड़ा। वहीं ख्वाजा गली, संजय नगर निवासी मोहम्मद अहमद (25) के कब्जे से एक तलवार बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों मामलों में क्रमशः अपराध क्रमांक 1064/2026 और 1065/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।

अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो बिना अनुमति हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमते हैं या उनका इस्तेमाल कर लोगों में भय का माहौल बनाते हैं। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचित करने कहा गया है।