धर्म की ध्वजा के साथ निकली शोभायात्रा: रिसाली में भागवत कथा का आगाज़ आज से
सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर लिया हिस्सा, घोड़े के करतब और मनमोहक प्रतिमाएं बनी आकर्षण; पंडित मुकुट शुक्ला करेंगे व्यासपीठ से कथा वाचन
रिसाली में आगामी भागवत कथा से पहले रविवार को निकली शोभायात्रा में शहरवासियों ने उत्साह से भाग लिया। कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतार और आकर्षक झांकियों ने पूरे माहौल को धार्मिक रंग में रंग दिया।
भिलाई। सनातन संस्कृति के संवर्धन और नई पीढ़ी में धर्म के प्रति जागृति लाने के उद्देश्य से शहर में निरंतर धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भिलाई के रिसाली क्षेत्र में आयोजित होने वाली भागवत कथा से पहले भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा में सिर पर कलश रखकर चल रहीं सैकड़ों महिलाओं ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आयोजकों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक प्रतिमा और अलग-अलग झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं, घोड़े के करतबों ने भी लोगों का ध्यान खूब खींचा।
शोभायात्रा में आई महिलाओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सनातन धर्म से जोड़ने का माध्यम हैं। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार से होगा, जिसमें बेमेतरा के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित मुकुट शुक्ला व्यासपीठ पर विराजमान होंगे। पंडित शुक्ला अब तक 50 वर्षों में 500 से अधिक कथाओं का वाचन कर चुके हैं और पहली बार भिलाई की धरती से अपना कथा-आशीर्वाद देंगे।आयोजकों ने बताया कि यह कथा राज्य, देश और विश्व की मंगलकामना के भाव के साथ आयोजित की जा रही है।
suntimes 