नकली पायल के बदले असली चांदी लेकर भागे शातिर ठग चढ़े पुलिस के हत्थे

ज्वेलरी कारोबारी को झांसा देकर की थी ठगी, रेलवे स्टेशन से पकड़े गए मध्यप्रदेश के दो आरोपी

नकली पायल के बदले असली चांदी लेकर भागे शातिर ठग चढ़े पुलिस के हत्थे

दुर्ग में नकली चांदी के पायल को असली बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से नया चांदी का पायल ठगने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुराने जेवर के बदले नया पायल लेने का बहाना बनाकर दुकान संचालक को धोखा दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को रेलवे स्टेशन परिसर से दबोच लिया।

 दुर्ग । दुर्ग शहर में ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नकली धातु के पायल को असली चांदी का बताकर ज्वेलरी दुकान से नया चांदी का पायल लेकर फरार हो गए थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब दुकान संचालक ने रात में पुराने पायल की जांच की और वह नकली निकला।

पुलिस के अनुसार मधुबन वाटिका खंडेलवाल कॉलोनी निवासी आशीष जैन ने 7 मई को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति उनकी गया नगर स्थित ज्वेलरी दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने पुराने चांदी के पायल और हाथ का कड़ा दिखाकर उसे असली बताया तथा पुराने जेवर के बदले नया चांदी का पायल लेने की इच्छा जताई। सौदा तय होने पर दोनों ने अंतर की राशि 2200 रुपए जमा किए और नया पायल लेकर वहां से निकल गए।

दुकान बंद करते समय जब पुराने पायल की बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि वह चांदी नहीं बल्कि नकली धातु का बना हुआ था। इसके बाद व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए आधार कार्ड की मदद से उनकी पहचान की।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित यात्री प्रतीक्षालय में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नकली पायल देकर असली चांदी का पायल लेने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी से हासिल एक जोड़ी चांदी का पायल और खरीद की रसीद बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश साहू (39) निवासी ग्राम पारकना थाना मुंगावली जिला अशोकनगर तथा प्रदीप श्रीवास्तव (35) निवासी ग्राम अमनचार थाना मुंगावली जिला अशोकनगर मध्यप्रदेश शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि पुराने जेवरों की खरीद-बिक्री या अदला-बदली के दौरान धातु की पूरी जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।