नर्सरी में युवक से मारपीट के बाद मौत, पाटन में शराब दुकान के पास हुआ था विवाद

22 वर्षीय रुपेश को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, हालत बिगड़ने पर दोबारा पहुंचा परिवार; पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

नर्सरी में युवक से मारपीट के बाद मौत, पाटन में शराब दुकान के पास हुआ था विवाद

दुर्ग-भिलाई। पाटन में शराब दुकान के अहाते में काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को दुकान के पास एक युवक से विवाद के बाद रुपेश वर्मा को नर्सरी की तरफ ले जाकर मारपीट किए जाने का आरोप है। घायल रुपेश को 112 की टीम अस्पताल लेकर पहुंची थी। उपचार के बाद घर लौटे युवक की तबीयत फिर बिगड़ी और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्राम फुंडा निवासी 22 वर्षीय रुपेश पाटन शराब दुकान के अहाते में काम करता था। पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा था। किसी बात को लेकर रुपेश से उसकी बहस हो गई। इसके बाद दोनों दुकान से कुछ दूर नर्सरी की ओर चले गए। आरोप है कि वहां रुपेश के साथ करीब आधे घंटे तक मारपीट की गई।

चोटों की जांच में जुटी पुलिस

मारपीट के बाद रुपेश के सिर और सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान मौके पर कौन-कौन मौजूद था और किसी ने बीच-बचाव का प्रयास किया था या नहीं।

सूचना मिलने के बाद 112 की टीम घायल को पाटन अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए, लेकिन कुछ समय बाद हालत बिगड़ने पर फिर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि की।

संदिग्ध युवक थाने में

पुलिस को मारपीट में ग्राम चीचा निवासी एक युवक के शामिल होने का संदेह है। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

संदिग्ध युवक को 112 की टीम पाटन थाने लेकर पहुंची है। पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।