नेपाल में बवाल: सेना ने संभाला देश का कंट्रोल, पीएम ओली का इस्तीफा; राजधानी में आगजनी और हिंसा थमने का नाम नहीं

सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन ने लिया उग्र रूप, पीएम ऑफिस और राष्ट्रपति भवन तक जलाए गए; अब तक 22 की मौत, 400 से ज्यादा घायल

नेपाल में बवाल: सेना ने संभाला देश का कंट्रोल, पीएम ओली का इस्तीफा; राजधानी में आगजनी और हिंसा थमने का नाम नहीं

नेपाल इस समय राजनीतिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन के खिलाफ भड़के आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया है। हालात बेकाबू होते देख सेना ने मंगलवार रात से पूरे देश की कमान अपने हाथ में ले ली। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली इस्तीफा देकर काठमांडू छोड़ चुके हैं, लेकिन गुस्साए प्रदर्शनकारी राजधानी की सड़कों पर लगातार आगजनी और तोड़फोड़ कर रहे हैं।

काठमांडू (ए)। नेपाल में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन के खिलाफ चल रहा जनआंदोलन तीसरे दिन और उग्र हो गया। हालात काबू से बाहर होते देख मंगलवार रात 10 बजे से नेपाली सेना ने पूरे देश का कंट्रोल अपने हाथों में ले लिया। राजधानी काठमांडू में हिंसा और आगजनी थमने का नाम नहीं ले रही।

प्रदर्शनकारियों ने पीएम ऑफिस सिंहदरबार, राष्ट्रपति भवन, सुप्रीम कोर्ट और यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के निजी घर को भी आग के हवाले कर दिया। सिंहदरबार, जिसमें करीब 1700 कमरे हैं और जहां से सरकार का संचालन होता था, पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

फिलहाल प्रधानमंत्री ओली इस्तीफा देकर काठमांडू छोड़ चुके हैं, लेकिन आंदोलनकारियों का गुस्सा कम होने के बजाय और बढ़ गया है। सेना का कहना है कि उपद्रवी तत्व आम नागरिकों और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

अब तक राजधानी और आसपास के इलाकों में हुई झड़पों और आगजनी में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां हालात को काबू में लाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों के तेवर अभी भी उग्र बने हुए हैं।