नौवीं की छात्राओं का नशा करते वीडियो वायरल, पांच छात्र भी गणवेश में गांजा पीते दिखे
कोरबा के कोरबी धतूरा स्कूल का मामला, पढ़ाई के समय बाहर निकलकर बनाई थी वीडियो; सात विद्यार्थियों को टीसी देने की तैयारी
कोरबा। पाली ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा में विद्यार्थियों की अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। स्कूल की दो छात्राओं और पांच छात्रों का नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो 14 नवंबर का है। उस दिन संबंधित विद्यार्थी स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे। इसी दौरान उन्होंने नशा किया और वीडियो भी बनाया।
वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं शराब पीने के बाद सिगरेट का सेवन करती नजर आ रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल की गणवेश पहने गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि छात्राओं ने ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में एक छात्रा अपने साथी के अधिक नशा करने की बात कहती सुनाई देती है। वह यह भी दावा करती है कि गांव और स्कूल में सभी को उनके सिगरेट पीने की जानकारी है।
सात विद्यार्थियों को नोटिस जारी
वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित बच्चों के अभिभावकों की बैठक आयोजित की। प्राचार्य बलभद्र सिंह ने अभिभावकों को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों को टीसी जारी करने के संबंध में नोटिस दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी है।
शिक्षा विभाग से मांगा गया पक्ष
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन किए जाने के बावजूद उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।
अभिभावकों ने स्कूल के बाहर भी निगरानी की जरूरत बताई
वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। उनका मानना है कि बच्चों की गतिविधियों पर केवल स्कूल परिसर में ही नहीं, बल्कि स्कूल के बाहर भी नजर रखनी चाहिए। कम उम्र में नशे की आदत पड़ना उनके भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से अनुशासन और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की अपेक्षा जताई है।
इससे पहले भी विद्यार्थियों की ओर से जिला कलेक्टर के समक्ष जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही के आरोप लगाए जाने की बात सामने आई थी। अब नए मामले के सामने आने के बाद स्कूल की व्यवस्था और विद्यार्थियों की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
suntimes 