पटाखे पर टोकना पड़ा भारी, दिवाली की रात बुजुर्ग की हत्या

भिलाई में दो युवकों ने घर में घुसकर कटर से किया वार; महिला ने पटाखा फोड़ने से रोका तो भड़क उठे आरोपी

पटाखे पर टोकना पड़ा भारी, दिवाली की रात बुजुर्ग की हत्या

दुर्ग जिले के भिलाई में दिवाली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखा फोड़ने से मना करने पर दो युवकों ने एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी। वारदात छावनी थाना क्षेत्र के बैरागी मोहल्ला पावर हाउस इलाके में रविवार रात हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्ग। भिलाई के बैरागी मोहल्ला पावर हाउस क्षेत्र में दिवाली की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पटाखा फोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। मोहल्ले के ही दो युवक संजय और शुभम पटाखे फोड़ रहे थे। उसी दौरान सामने वाले घर की महिला सोनू बैरागी ने उनसे कहा कि उनके घर के सामने पटाखे न फोड़ें। इस पर दोनों युवक भड़क उठे और महिला से गाली-गलौज करने लगे।

सोनू ने जब घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद किया, तो दोनों आरोपी कटर लेकर उसके पीछे-पीछे घर में घुस गए। तभी घर में मौजूद सोनू के ससुर गणेश बैरागी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। गुस्से में आए संजय ने हाथ में रखे कटर से गणेश बैरागी के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जबकि शुभम ने उनका हाथ पकड़कर रखा ताकि वे बच न सकें। गंभीर रूप से घायल गणेश बैरागी मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सुपेला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने देर रात ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की बेटी ने बताया कि उनके पिता परिवार के साथ खाना खा रहे थे, तभी बाहर झगड़े की आवाज आई। जब वे बाहर निकले, तो देखा कि मोहल्ले के युवक संजय और शुभम भाभी सोनू से झगड़ रहे हैं। सोनू को जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों ने हाथ में कटर लेकर दौड़ाया था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में मृतक की पत्नी कांति बैरागी, बुआ कमला बैरागी और बेटियां लक्ष्मी, लक्खी, ज्योति व नंदा बैरागी ने पुलिस को बयान दिया है। मृतक की भतीजी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।