पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 18 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों तक बदली पदस्थापना; अमन कुमार SIA और अजय कुमार SIB के SP नियुक्त, अंशिका जैन संभालेंगी जगदलपुर CSP का दायित्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस प्रशासन को लेकर जारी नए पदस्थापना आदेश में 18 IPS एवं राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। राज्य सरकार के गृह (पुलिस) विभाग ने अधिकारियों को विभिन्न जिलों, पुलिस मुख्यालय और विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल में ASP (ऑप्स), CSP और सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
विशेष इकाइयों में अधिकारियों की नियुक्ति
नई व्यवस्था के तहत बीजापुर में ASP (ऑप्स) रहे अमन कुमार रमन कुमार को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में SP (SIA) बनाया गया है। नारायणपुर में पदस्थ अजय कुमार अब SP (SIB) की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इसके अलावा आकाश श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.), अक्षय प्रगोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) और एसटीएफ बघेरा, दुर्ग में पदस्थ आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) नियुक्त किया गया है। बीजापुर में पदस्थ रविन्द्र कुमार मीणा को SP (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) बनाया गया है। वहीं, सुकमा में पदस्थ रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, बीजापुर का सेनानी नियुक्त किया गया है।
ऑपरेशनल जिम्मेदारियों में भी बदलाव
जिलों में कानून-व्यवस्था और ऑपरेशनल कार्यों से जुड़े पदों पर भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। जगदलपुर के CSP सुमीतकुमार दत्ताहारी को ASP (ऑप्स), कांकेर और रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त रहे ईशु अग्रवाल को ASP (ऑप्स), नारायणपुर भेजा गया है।
रायगढ़ के CSP मयंक मिश्रा को ASP (ऑप्स), सुकमा की जिम्मेदारी मिली है। राजनांदगांव की CSP वैशाली जैन को ASP (ऑप्स), जगदलपुर नियुक्त किया गया है। कोरबा के CSP विमल कुमार पाठक को ASP (ऑप्स), नारायणपुर, दुर्ग के CSP हर्षित मेहर को ASP (ऑप्स), कोंडागांव और अंबिकापुर के CSP राहुल बंसल को ASP (ऑप्स), बीजापुर पदस्थ किया गया है।
प्रशिक्षु IPS और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की नई तैनाती
पदस्थापना आदेश में प्रशिक्षु अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रशिक्षु IPS अंशिका जैन को जगदलपुर का नगर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। साकोर मानसी नानाभाउ को रायपुर नगरीय क्षेत्र के आजाद चौक में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आदित्य कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव तथा प्रतीक बंसोडे को नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय की विशेष इकाइयों और विभिन्न जिलों में अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।
suntimes 