प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई में मेगा हेल्थ कैंप, 500 जवानों और परिजनों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
मेडिशाइन हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं, जांच के साथ बांटी गईं आवश्यक दवाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई परिसर में शनिवार को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल रायपुर के सहयोग से आयोजित इस मेगा मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप में करीब 500 अधिकारियों, जवानों और परिजनों ने स्वास्थ्य जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
प्रथम वाहिनी के प्रशासनिक भवन में आयोजित शिविर का उद्देश्य सुरक्षा बल के जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान करना रहा। शिविर में हृदय रोग, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याएं, पेट व लिवर रोग सहित सामान्य बीमारियों से जुड़ी जांच और चिकित्सकीय सलाह दी गई।
कार्यक्रम वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेनानी/डीआईजी श्री राजेश कुकरेजा सहित छसबल एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
स्वास्थ्य शिविर में मेडिशाइन हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, टेक्नीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं एसटीएफ के डॉक्टर श्री अमित चंद्राकर ने भी उपस्थित होकर जवानों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और हड्डियों की मजबूती की जांच (बीएमडी) जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। जांच के बाद जरूरतमंद जवानों और उनके परिवारों को आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस दौरान प्रथम वाहिनी, सातवीं वाहिनी और एसटीएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल प्रशासन ने कहा कि देश और प्रदेश की सुरक्षा में लगातार तैनात रहने वाले जवानों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाए रखना प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।
suntimes 